मुंबई , जनवरी 30 -- दिवंत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। यह जानकारी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने शुक्रवार दी।

श्री पवार का बुधवार को बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। वह फणडवीस सरकार में उप मुख्यमंत्री थे और वित्त मंत्रालय तथा कुछ अन्य मंत्रालयों का कार्यभार संभाल रहे थे।

श्रीमती पवार इस समय राज्यसभा की सदस्य हैं। राकांपा के कुछ नेताओं ने आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने सरकार में पार्टी के प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी राय दी। इस बीच श्री फणडवीस ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा कि उप मुख्यमंत्री पद के बारे में राकांपा जो भी निर्णय लेगी भारतीय जनता पार्टी और सरकार को वह मान्य होगा। उन्होंने कहा, "दुख की इस घड़ी में हम पूरी तरह अजित दादा के परिवार और राकांपा के साथ हैं।"इस बारे में पूछे जाने पर कि क्या राकांपा ने उप मुख्यमंत्री पद के लिए औपचारिक रूप से नाम का प्रस्ताव किया है,तो श्री फणडवीस ने कहा कि पार्टी के नेताओं ने उनके साथ दो दौर की बातचीत की है, जिसमें उपलब्ध विकल्पों के बारे में जानकारी दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित