मुंबई , मई 14 -- महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक पत्र लिखकर अजित पवार द्वारा स्थापित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पार्षदों को उनके वार्डों के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षदों के बराबर ही विकास निधि देने की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार श्रीमती पवार ने मुख्यमंत्री श्री फडणवीस को समान विकास निधि की मांग करते हुए यह पत्र तब लिखा, जब यह बात सामने आई कि पुणे नगर निगम में सत्ताधारी भाजपा के प्रत्येक पार्षद को अपने वार्डों के विकास के लिए सात करोड़ रुपये मिले, जबकि उनकी पार्टी के पार्षदों को नगर निगम के बजट से केवल पांच करोड़ रुपये प्रति पार्षद मिले।

उन्होंने अपने पत्र में अपील की कि विकास निधि का वितरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सिद्धांत "सबका साथ, सबका विकास" के आधार पर किया जाना चाहिए, जिसमें किसी भी तरह का राजनीतिक पूर्वाग्रह, तरजीही व्यवहार या भेदभाव न हो।

उपमुख्यमंत्री ने श्री फडणवीस को लिखे अपने पत्र में यह भी मांग की कि पुणे शहर के सभी वार्डों को समान विकास कोष मिलना चाहिए, और शहर के किसी भी एक हिस्से को तरजीह नहीं दी जानी चाहिए।

उन्होंने अपने पत्र में इस बात पर जोर दिया कि यदि किसी वार्ड को कोष की असमान राशि मिलती है, तो उन क्षेत्रों के नागरिक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रह सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित