चंडीगढ़ , मई 10 -- पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और राज्य को "ममता बनर्जी का बंगाल" नहीं बनने दिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर रविवार को जारी संदेश में जाखड़ ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर बलाचौर (नवांशहर) में आप विधायक सुखविंदर सुखी ने पुलिस की मौजूदगी में भाजपा कार्यालय में घुसकर जिला अध्यक्ष के साथ मारपीट की और दफ्तर में तोड़फोड़ की। उन्होंने दावा किया कि ऐसी ही शिकायतें लुधियाना समेत अन्य स्थानों से भी मिल रही हैं।
जाखड़ ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार का सम्मान करती है, लेकिन किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि राजनीति मर्यादा और शालीनता की सीमाओं में रहकर होनी चाहिए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जो पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से बनी थी, वही अब भ्रष्ट लोगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब को लूटने वालों के खिलाफ जांच जारी रहेगी और कानून उन लोगों तक भी पहुंचेगा जो पर्दे के पीछे छिपे हुए हैं।
जाखड़ ने पुलिस से मांग की कि कथित गुंडागर्दी के मामलों में तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज में आप विधायकों को भाजपा कार्यालय में घुसते और लोगों के साथ मारपीट करते देखा जा सकता है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पंजाब के संसाधनों की लूट अब सार्वजनिक रूप से उजागर हो रही है, जिससे केजरीवाल घबराए हुए हैं और अपने विधायकों को खुली छूट दे रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि भाजपा ऐसी हरकतों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित