लखनऊ , जून 11 -- कोलकाता के 31 वर्षीय सुनीत चौरसिया ने लखनऊ गोल्फ क्लब में खेले गए 25 लाख रुपये इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन विजय कुमार मेमोरियल के अंतिम दौर में एक-अंडर 69 का स्कोर बनाकर तीन शॉट के अंतर से खिताब अपने नाम किया।

भारतीय गोल्फ के दिग्गज एस.एस.पी. चौरसिया के भतीजे सुनीत (70-62-69) ने दूसरे दौर में बोगी-रहित आठ-अंडर 62 खेलने के बाद दो शॉट की बढ़त के साथ अंतिम दिन की शुरुआत की थी और कुल नौ-अंडर 201 के स्कोर के साथ ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। यह जीत इस सत्र में सुनीत का दूसरा खिताब और लगातार दूसरी जीत रही। इससे पहले उन्होंने मार्च में पटना गोल्फ क्लब द्वारा आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप जीतीथी। उसके बाद नेक्सजेन टूर दो महीने के विराम पर चला गया था।

अपनी जीत पर सुनीत ने कहा, "लगातार दो टूर्नामेंट जीतना शानदार अहसास है। आज खासकर बैक नाइन पर थोड़ी घबराहट जरूर थी, लेकिन आखिर में हर शॉट की मेहनत सफल रही। एक और जीत हासिल कर अपनी लय बनाए रखने से मैं बेहद खुश हूं।" उन्होंने आगे कहा, "शुरुआत आदर्श नहीं थी, लेकिन मैंने धैर्य बनाए रखा और तीसरे तथा पांचवें होल पर बर्डी लगाकर अच्छी वापसी की। राउंड के दौरान कई बार परिस्थितियां बदलीं, लेकिन मैंने कुछ अहम अप-एंड-डाउन किए और दबाव में भी अपना ध्यान बनाए रखा।"इस जीत के लिए सुनीत को 3,17,875 रुपये की पुरस्कार राशि मिली और वह चार टूर्नामेंटों में कुल 6,86,518 रुपये की कमाई के साथ डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में छठे स्थान से सीधे शीर्ष पर पहुंच गए।

सुनीत ने यह भी बताया कि उनकी जीत के बाद उन्हें सबसे पहले बधाई देने वालों में उनके मशहूर चाचा एस.एस.पी. चौरसिया शामिल थे। ओलंपियन और छह अंतरराष्ट्रीय खिताब जीत चुके एस.एस.पी.चौरसिया ने सुनीत के करियर में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और कठिन दौर में उनका लगातार मार्गदर्शन व समर्थन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित