तिराना (अल्बानिया) , फरवरी 26 -- सुजीत कलकल ने मुहामेत मालो 2026 कुश्ती टूर्नामेंट में पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय अभियान की शानदार शुरुआत की।
बुधवार को खेले गये मुकाबले में अंडर-23 विश्व चैंपियन सुजीत कलकल ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर लगातार चार जीत दर्ज करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस महीने की शुरुआत में 2026 अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियन सुजीत कलकल ने क्रोएशिया में जाग्रेब ओपन में जीत दर्ज करने के बाद 2026 अंडर-23 रैंकिंग सीरीज में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
उन्होंने सेमीफाइनल में अमेरिका के दो बार के पैन अमेरिकन चैंपियन जोसेफ मैककेना को 11-0 से हराने के बाद फाइनल में अजरबैजान के राशिद बाबाजादे को 10-0 से मात दी। तीन सप्ताह में अमेरिकी पहलवान पर सुजीत की यह दूसरी जीत थी। दोनों पहलवानों का सामना जाग्रेब ओपन के सेमीफाइनल में हुआ था। इससे पहले भी सुजीत ने इसी स्कोर से मुकाबला जीता था।
23 वर्षीय भारतीय पहलवान, जो अपने आयु वर्ग में एशियन चैंपियन भी हैं। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत अल्बानिया के एंड्रियो अवडिली पर 16-4 जीत हासिल करने के साथ की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में जॉर्जिया के निका ज़ाकाशविली को 10-0 से हराया।
यह सुजीत का अंडरवेट कैटेगरी में चौथा स्वर्ण पदक था। इससे पहले उन्होंने 2022 ज़ुहैर सघायर और 2025 पॉलीक इमरे और वर्गा जानोस मेमोरियल में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित