भोपाल , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने योजना में बसों की संख्या, मार्गों और बसों की स्थिति सहित विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
श्री पटवारी ने पत्र में कहा कि प्रदेश को सुगम बस सेवा की आवश्यकता है, लेकिन 15 हजार बसों की योजना की शुरुआत को लेकर उन्होंने अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में 1,500 बसों का दावा किया गया, जबकि सरकारी आंकड़ों में 351 बसों का उल्लेख है। उन्होंने बसों के मार्गों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित कुछ भगवा रंग की बसें पुरानी थीं, जिन पर रंग-रोगन कर उन्हें कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि बसों के सड़कों पर उतरने के बाद उनकी स्थिति को लेकर शिकायतें सामने आईं। पत्र में इंदौर में एक बस के ब्रेक फेल होने से हुई दुर्घटना का भी उल्लेख किया गया है।
उन्होंने बसों के प्रचार-प्रसार पर हुए खर्च को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस राशि से नई बसें खरीदी जा सकती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बस संचालकों की पुरानी बसों पर भगवा रंग करवाकर उन्हें कार्यक्रम स्थल पर खड़ा कराया गया।
श्री पटवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि यदि वह इस कथित अनियमितता में संलिप्त नहीं हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी जनता के साथ कथित धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित