सुकमा , जून 21 -- छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के तोंगपाल क्षेत्र में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 स्व-सहायता समूहों की 53 महिलाओं को बांस से ट्री गार्ड निर्माण का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बांस आधारित ट्री गार्ड निर्माण की तकनीक और उसके व्यावसायिक उपयोग की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में बताया गया कि वनों पर आश्रित ग्रामीणों और वनवासी समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले इन ट्री गार्डों का उपयोग राष्ट्रीय राजमार्गों सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जाने वाले पौधारोपण कार्यों में पौधों की सुरक्षा के लिए किया जाएगा। इससे पौधों को पशुओं तथा अन्य संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

जिला प्रशासन के अनुसार बांस से निर्मित ट्री गार्डों की मांग बढ़ने से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय के अवसर सृजित होंगे। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ 'लखपति दीदी' अभियान को भी गति प्रदान करेगी।

प्रशासन का मानना है कि यह प्रयास महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सतत आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित