सुकमा , अक्टूबर 25 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में युवाओं की रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए 28 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में शबरी ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं।

उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक और पारंपरिक वेशभूषा जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा युवाओं को 'विकसित भारत चैलेंज ट्रेक' और 'क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज' जैसे आधुनिक एवं नवाचारी मंचों पर भी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य युवाओं के बीच आपसी एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और लाइवलीहुड कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थानों को पत्र जारी कर विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए प्रत्येक विधा में कम से कम तीन विशेषज्ञों को निर्णायक नियुक्त किया जाएगा। विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में चयनित विजेता प्रतिभागी 1 से 7 दिसंबर 2026 के बीच बिलासपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सुकमा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित