सुकमा , जून 16 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में प्रशासन द्वारा शुरू की गई 'सिंगल विंडो' (एकल खिड़की) व्यवस्था ग्रामीणों के लिए त्वरित शासकीय सेवाओं का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित इस व्यवस्था के माध्यम से अब विभिन्न शासकीय दस्तावेज एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे अब तक 5311 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हो चुके हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप की पहल पर शुरू किए गए इस सिंगल विंडो कक्ष में आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित कार्यों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। मंगलवार को ही 83 से अधिक आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।

इस पहल का मानवीय पक्ष तब सामने आया जब पुनर्वास केंद्र से मुख्यधारा में लौटे मुचाकी जोगा और ओयाम जोगा को तत्काल वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध कराया गया। दोनों युवाओं ने कहा कि पहले उन्हें किसी पहचान पत्र की आवश्यकता महसूस नहीं होती थी लेकिन अब लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए वोटर आईडी बनना उनके जीवन में नए बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने पहली बार मतदान कर अपना प्रतिनिधि चुनने की इच्छा जताई।

इसी प्रकार, जिला मुख्यालय से लगभग 61 किलोमीटर दूर स्थित मुंडवाल गांव की निवासी शांति सोड़ी अपनी चार वर्षीय पुत्री दिव्यांशी का नाम राशन कार्ड में जुड़वाने तथा वोटर आईडी में फोटो अपडेट कराने कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो कक्ष में मौजूद कर्मचारियों ने उनका आवेदन भरकर कुछ ही मिनटों में दोनों कार्य पूरे कर दिए। वहीं रोकेल निवासी गुड्डी के राशन कार्ड में उनके पुत्र रोहित का नाम भी तत्काल जोड़ा गया।

कलेक्टर अमित कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाना है, ताकि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इससे ग्रामीणों के समय और आर्थिक संसाधनों की बचत हो रही है।

उन्होंने बताया कि 16 मार्च 2026 से संचालित इस व्यवस्था के माध्यम से अब तक 5311 से अधिक नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान किया जा चुका है। प्रशासन का मानना है कि यह मॉडल ग्रामीणों तक सुशासन की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सफल पहल साबित हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित