रायपुर , जुलाई 02 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक दिवसीय 'तेजस कार्यशाला' आयोजित की जाएगी। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की ओर से शबरी ऑडिटोरियम, सुकमा में होने वाली यह कार्यशाला स्टार्टअप इंडिया के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य जिले के युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, किसानों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों (एमएसएमई) तथा स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और नए व्यवसायिक अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ प्रतिभागियों को स्टार्टअप पंजीकरण, विभिन्न शासकीय योजनाओं, बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, मार्केटिंग, ब्रांडिंग तथा व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने से संबंधित व्यावहारिक जानकारी देंगे। साथ ही एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), खाद्य प्रसंस्करण, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।

कार्यशाला में महिला स्व-सहायता समूहों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, एमएसएमई इकाइयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, लाइवलीहुड कॉलेज, शासकीय महाविद्यालयों, एफपीओ, कृषक उत्पादक संगठनों तथा जिले के इच्छुक युवाओं और उद्यमियों को आमंत्रित किया गया है।

आयोजकों के अनुसार, यह पहल स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, नए रोजगार के अवसर सृजित करने, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा सुकमा जिले में उद्यमिता और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित