सुकमा , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर के पास विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया के दौरान हुए आकस्मिक विस्फोट में चार जवान घायल हो गए। इनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कोन्टा में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ की 50वीं वाहिनी की गोला-बारूद तकनीकी टीम आज जगदलपुर से कोन्टा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु शिविरों में अनुपयोगी एवं शेष बचे विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के लिए पहुंची थी।

टीम द्वारा भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु शिविर से लगभग 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट किया जा रहा था। इसी दौरान दुर्घटनावश विस्फोटक का एक हिस्सा उड़कर पास में गिरा और उसमें विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से सुरक्षा ड्यूटी और विनष्टीकरण कार्य में तैनात चार जवान घायल हो गए।

हादसे में तकनीकी टीम के सहायक उपनिरीक्षक एम.के. तिवारी और 50वीं वाहिनी के सहायक उपनिरीक्षक अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, तकनीकी टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं।

घटना के तत्काल बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देकर शासकीय अस्पताल कोन्टा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान भेजने की तैयारी की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित