सुकमा , मई 10 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और सुकमा जिले के कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच और उपचार कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों के जरूरतमंद नागरिकों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

आज जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इसी क्रम में कोंटा विकासखंड के नियद नेल्लानार क्षेत्र के अरलमपल्ली, पोलमपल्ली, दोरनापाल, बगड़ेगुड़ा, रंगाईगुड़ा, कोलईगुड़ा एवं पेंटापाड़ सहित विभिन्न गांवों से कुल 39 मरीजों को जिला अस्पताल सुकमा लाकर जांच एवं उपचार प्रदान किया गया।

जिला चिकित्सालय में सभी मरीजों का समुचित परीक्षण कर उपचार सुनिश्चित किया गया। इनमें 16 लोगों को प्रेसबायोपिक चश्मा प्रदान किया गया, जबकि 8 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। इसके अलावा नियद नेल्लानार क्षेत्र के गोगुंडा पहाड़ी इलाके से 5 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित लाकर जांच की गई और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श के बाद उन्हें वापस भेजा गया।

इसी तरह कोसागुड़ा से लाए गए 6 मरीजों का अल्ट्रासाउंड एवं आवश्यक उपचार किया गया, जबकि हाथ-पैर में सूजन की समस्या से पीड़ित 4 मरीजों को उपचार के बाद राहत प्रदान की गई।

जिला चिकित्सालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत सुकमा जिले में कुल 2,93,386 स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें से अब तक 1,54,157 लोगों की जांच पूरी हो चुकी है। जांच के दौरान 4,990 मरीजों को मोतियाबिंद, मलेरिया, कुष्ठ, टीबी, खून की कमी, उच्च जोखिम गर्भावस्था, कुपोषण, बीपी और शुगर जैसी बीमारियों के लिए चिन्हांकित कर प्राथमिक, सामुदायिक एवं जिला स्तर पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित