सुकमा , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी ने शनिवार को सुकमा जिला मुख्यालय के कुम्हाररास स्थित इमली प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनके रोजगार और आजीविका से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में कार्यरत 30 से अधिक महिलाओं ने बताया कि इमली प्रसंस्करण इकाई से जुड़ने के बाद उन्हें नियमित आय का स्रोत मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और परिवार की जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी बढ़ी है। महिलाओं ने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

श्रीमती सोरी ने महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी तथा स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इमली प्रसंस्करण जैसी गतिविधियां ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक रूप से भी आत्मविश्वास प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से संचालित ऐसे रोजगार आधारित मॉडल महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। इससे महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिल रहे हैं और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

इस अवसर पर महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को घर के समीप रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित