सुकमा , अगस्त 13 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर में जारी तिरंगा यात्रा के उपलक्ष्य में गुरुवार को सुकमा जिले में व्यापक "आयुष्मान महा अभियान" आयोजित किया गया। कलेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिला प्रशासन के सहयोग से ग्राम-ग्राम और घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाएंगी। प्रशासन ने 10 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि जिले के अधिक से अधिक परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।

अभियान के माध्यम से पात्र परिवारों को आयुष्मान योजना के तहत प्रति वर्ष पांच लाख तक के कैशलेस उपचार की सुविधा का लाभ दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। कार्ड बनवाने के लिए हितग्राहियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा आवश्यक पहचान दस्तावेज तैयार रखने होंगे। अभियान के दौरान कार्ड बनाने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित