सुकमा , सितंबर 06 -- प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार ए.आर. रहमान ने सुकमा पुलिस की विशेष अपील पर साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश के जरिए आमजन से डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राज्य शासन की पहल पर 15 अगस्त से दो अक्टूबर तक 'साइबर जागृति अभियान' चलाया जा रहा है। इसके तहत नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में सुकमा पुलिस की विशेष अपील पर ए.आर. रहमान ने वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के समन्वय में जिले में अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित