सुकमा , मई 22 -- छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के 22 युवाओं ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बीरगांव में आयोजित 'युवा-उत्सव 2026' में भाग लेकर जिले का मान बढ़ाया है। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक यात्रा को युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुकुन्द ठाकुर तथा जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी के मार्गदर्शन में 10 छात्र, 10 छात्राओं और दो प्रभारी शिक्षकों के दल को उत्सव में शामिल होने भेजा गया था। प्रशासन ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा।
प्लेस ऑफ पॉसिबिलिटीस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने शैक्षणिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही हिमाचल प्रदेश की वादियों में एडवेंचर ट्रैकिंग और विभिन्न साहसिक गतिविधियों का अनुभव भी प्राप्त किया।
इस दौरान सुकमा और हिमाचल प्रदेश के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारंपरिक रीति-रिवाजों और खान-पान को लेकर भी युवाओं को नई जानकारियां मिलीं। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित होती है।
यात्रा से लौटने के बाद दल की नोडल अधिकारी सुनंदा साहू ने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से मुलाकात कर फाउंडेशन की ओर से प्राप्त प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने यात्रा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
वहीं, लौटे युवाओं ने हिमाचल प्रदेश के अनुभव साझा करते हुए इस अवसर के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की उम्मीद व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित