भुवनेश्वर , जुलाई 14 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीमों ने मंगलवार को ओडिशा की राजधानी और आसपास के इलाकों में समन्वित अभियान चलाकर जनवरी 2026 के सुंदरपदा बम विस्फोट मामले में तीन ठिकानों पर छापेमारी की , जिसकी पहचान गिरफ्तार एक आरोपी से मिले साक्ष्यों के विश्लेषण और जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर की गयी थी।
यह मामला 27 जनवरी को भुवनेश्वर के सुंदरपदा स्थित आजाद नगर कॉलोनी की एक चार मंजिला इमारत की छत पर देसी बम बनाते समय हुए अचानक विस्फोट से जुड़ा है, जिसमें चारों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
आज की छापेमारी बम बनाने में इस्तेमाल की गयी विस्फोटक सामग्रियों और अन्य घटकों के स्रोत का पता लगाने तथा उनके संभावित इस्तेमाल की साजिश का पर्दाफाश करने के मकसद से की गयी थी। एनआईए इन सामग्रियों की खरीद में इस्तेमाल धन के स्रोत की भी जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान कई डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त की गयीं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
शुरुआत में यह मामला यहां के एयरफील्ड पुलिस थाने में दर्ज किया गया था और अप्रैल में एनआईए ने इसे अपने हाथ में ले लिया था। आतंकवाद रोधी एजेंसी इस अपराध में शामिल अन्य लोगों का पता लगा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित