दरभंगा , अगस्त 31 -- उत्तर बिहार के प्रमुख कॉलेज में शामिल दरभंगा के चंद्रधारी मिथिला महाविद्यालय (सी.एम. कॉलेज) में चार वर्षीय प्रशिक्षुता आधारित डिग्री कार्यक्रम 'अप्रेंटिसशिप ई-डिग्री प्रोग्राम' (एईडीपी) शुरू किया जा रहा है। रोजगारोन्मुखी इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्नातक की डिग्री के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने सोमवार को बताया कि बिहार सरकार एवं बिहार लोक भवन सचिवालय की पहल के तहत राज्य में जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की अंगीभूत ईकाई सी.एम. कॉलेज को एईडीपी पाठ्यक्रम संचालित करने की अनुमति मिली है। यह अनुमति ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के चार कॉलेजों को मिला है जिसमें दरभंगा में सिर्फ सीएम कॉलेज को ही मिला है। इस कॉलेज को नैक से बी प्लस प्लस ग्रेड प्राप्त है।उन्होंने बताया कि कॉलेज में वाणिज्य संकाय के तहत 'बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस' (बीएफएसआई) तथा कला संकाय में 'कंटेंट एंड क्रिएटिव' पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा।
प्रो. अहमद ने बताया कि पाठ्यक्रम में नामांकित विद्यार्थी पहले तीन वर्षों में पाठ्यक्रम आधारित अध्ययन करेंगे और छह लिखित परीक्षाओं में शामिल होंगे। चौथे वर्ष में उन्हें अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम से जोड़ा जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षुओं को सरकार की ओर से निर्धारित राशि भी प्रदान की जाएगी।
प्रधानाचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ने पर बल दिया गया है, जिससे डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्हें रोजगार के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।उन्होंने कहा कि दरभंगा एवं आसपास के क्षेत्रों के वे विद्यार्थी, जिन्होंने इस वर्ष इंटरमीडिएट अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण की है, इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। यह विद्यार्थियों के लिए डिग्री के साथ रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से कार्यालय अवधि में कॉलेज पहुंचकर पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित