बैतूल , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सारणी पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए उसे सीहोर जिले के गुडलिया से सकुशल बरामद कर 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपहृत बालिकाओं की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सारणी थाना पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर नाबालिग की लोकेशन का पता लगाया।

पुलिस के अनुसार आठ मई 2026 को बालिका की मां ने सारणी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूशे और एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी माध्यमों से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम सीहोर जिले के गुडलिया पहुंची, जहां नाबालिग को आरोपी राजकुमार वरकड़े (20), निवासी बरेठा, के कब्जे से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार बालिका के कथनों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने तथा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात सामने आई। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 बढ़ाई गई।

वही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक सुनील गौर तथा आरक्षक मोहित भाटी और मनोज पाल की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित