सीहोर , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र में मोलगा-रामनगर रोड पर एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। सड़क किनारे खून से सना शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम सतपीपलिया निवासी 28 वर्षीय अंकुश परमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल छा गया।

प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार कर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने युवक को संभलने का मौका नहीं दिया।

पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे मृतक के परिजनों द्वारा सूचना दी गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच के लिए भोपाल से एफएसएल टीम बुलाई गई है। पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।

पुलिस आपसी रंजिश और साजिश के एंगल पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित