सीहोर , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कलेक्टर के इंतजार में करीब चार घंटे तक कलेक्ट्रेट गेट पर बैठे रहे। कलेक्टर के नहीं आने पर उन्होंने विरोध स्वरूप कुत्ते के गले में तख्ती बांधकर उसे ज्ञापन सौंप दिया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी ने किसान आंदोलन का आयोजन किया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता शामिल हुए। दोपहर में उमंग सिंघार के नेतृत्व में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचा गया।

कांग्रेस नेताओं की मांग थी कि किसानों से जुड़े ज्ञापन को कलेक्टर स्वयं स्वीकार करें। हालांकि प्रशासन की ओर से एडीएम ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन नेताओं ने उन्हें वापस लौटा दिया। कलेक्टर की अनुपस्थिति से नाराज होकर उमंग सिंघार कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। करीब चार घंटे तक इंतजार के बाद जब कलेक्टर नहीं पहुंचे तो उन्होंने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए एक कुत्ते के गले में 'कलेक्टर' लिखी तख्ती बांधी और उसे मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप दिया।

इस दौरान उन्होंने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर आए जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी। प्रदर्शन में किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित