सीहोर , जून 27 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में शनिवार को बेमौसम बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस के अनुसार पहली घटना सीहोर जिले के लसूडिया बोडी गांव की है। यहां 26 वर्षीय भरत जांगड़ा और दौलत सिंह खेत में फसलों पर दवा का छिड़काव कर रहे थे कि तेज गर्जना और चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली खेत के पास आ गिरी। बिजली गिरते ही दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए और जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण तुरंत दोनों को गंभीर हालत में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलकिसगंज लेकर पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इलाज के दौरान भरत जांगड़ा ने दम तोड़ दिया। वहीं दौलत सिंह की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

दूसरी घटना इछावर थाना क्षेत्र के सिराडी गांव में हुयी जहां एक 18 वर्षीय किशोर पवन अपनी मां के साथ घर के आंगन में बैठा कि इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे उस पर आ गिरी। तेज झटके और गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कानूनी कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

इन दोनों हादसों के बाद जिला प्रशासन और मौसम विभाग ने आम नागरिकों के लिए सतर्कता संबंधी सलाह जारी की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित