रांची , अक्टूबर 24 -- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत 26 और 27 अक्टूबर को झारखंड के रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय के दरभंगा हाउस परिसर में सतर्कता महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष महोत्सव की थीम "सत्यानिष्ठा से समृद्धि" रखी गई है। इसका उद्देश्य सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। दो दिवसीय इस महोत्सव में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और जिम्मेदार आचरण का संदेश देने का अवसर मिलेगा।
महोत्सव का उद्घाटन 26 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे होगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक स्ट्रीट पेंटिंग प्रतियोगिता और सुबह 11:45 बजे से दोपहर 1:45 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोनों प्रतियोगिताओं में दो-दो प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता होगी, जिसमें दो प्रतिभागी भाग लेंगे। वहीं, शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक समूह श्रेणी में 'नारी शक्ति वंदन' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक फेस पेंटिंग प्रतियोगिता और एकल गायन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में दो प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
सीसीएल की यह पहल रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए कार्यस्थल एवं समाज में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। महोत्सव के माध्यम से कर्मचारियों और प्रतिभागियों को नैतिक आचरण अपनाने तथा ईमानदारी को समृद्धि का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित