सीवान , जून 16 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को घोषणा की कि जिले में शीघ्र चीनी मिल स्थापित की जाएगी।मुख्यमंत्री श्री चौधरी आज सीवान जिले के पचरुखी प्रखंड के पंचायत भवन, पपौर में आयोजित सहयोग शिविर में सीवान जिले के लिए 180 करोड़ रुपये की 38 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सीवान में चीनी मिल खोला जाएगा, इसके लिए जमीन चिह्नित करने के लिए जिलाधिकारी को कहा गया है।
श्री चौधरी ने सहयोग शिविर का निरीक्षण करते हुए आम लोगों से संवाद किया, उनकी शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि अब तक सहयोग शिविरों में प्राप्त तीन लाख तीन हजार 678 आवेदनों में से दो लाख 61 हजार 628 का निष्पादन किया जा चुका है, जो लगभग 90 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आवेदन मिलने के 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर पहला नोटिस, 20 दिनों पर दूसरा और 28वें दिन तीसरा नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बावजूद 30 दिनों तक कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के स्वतः निलंबन की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने बताया कि अब तक 8,942 मामलों में पहला शो-कॉज नोटिस, 153 मामलों में दूसरा और एक मामले में तीसरा नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद सभी लंबित मामलों का निपटारा कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित