पटना , अप्रैल 14 -- बिहार में सड़क सम्पर्कता को अधिक सुदृढ़, समन्वित और उच्च मानकों के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया गया है, जिसके तहत सीवान, रोहतास और समस्तीपुर जिलों के चयनित ग्रामीण पथों को पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया है, जिससे इन मार्गों का उन्नयन उच्च श्रेणी के मानकों के स्तर के अनुरूप किया जा सके।

सीवान में 3.40 किमी, रोहतास में 1.52 किमी तथा समस्तीपुर में 0.405 किलोमीटर ग्रामीण पथों का हस्तांतरण किया गया है। वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिये यह भी निर्देश दिया गया है कि हस्तांतरित पथों पर भविष्य के कार्य डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड पूर्ण होने के बाद ही किए जाएंगे। साथ ही, पथ निर्माण विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों को डीपीआर में समाहित कर इसकी सूचना ग्रामीण कार्य विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे दोहरे व्यय से बचा जा सके।

ग्रामीण कार्य विभाग की यह पहल राज्य में सड़क संरचना के एकीकृत विकास, संसाधनों के कुशल उपयोग और दीर्घकालिक योजना निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित