सोनीपत , मई 27 -- हरियाणा में सोनीपत के महापौर राजीव जैन ने बुधवार को वार्ड एक से 14 तक चल रहे सीवर सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण किया और ठेकेदार द्वारा तैनात मशीनरी और कर्मचारियों की उपलब्धता की जांच की। निरीक्षण के दौरान उपकरणों और कार्यबल की कमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और ठेकेदार को निविदा शर्तों के अनुसार सभी संसाधन पूरी क्षमता से लगाने के निर्देश दिये।

महापौर ने पाया कि मौके पर निर्धारित संख्या से कम कर्मचारी मौजूद थे, जबकि सुपर सकर मशीन और उसका ऑपरेटर भी अनुपस्थित थे। ठेकेदार ने मशीन के मरम्मत के लिए वर्कशॉप में होने की जानकारी दी। इस पर महापौर ने कहा कि सीवर जाम की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सभी मशीनरी और जनशक्ति हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।

उन्होंने सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाने तथा कर्मचारियों की सूची आधार और मोबाइल फोन नंबर सहित नगर निगम को सौंपने के निर्देश दिये। मानसून से पहले मुख्य सीवर लाइनों और सड़क नालियों की नियमित सफाई कर जलभराव रोकने पर भी जोर दिया।

महापौर ने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित