भिण्ड , मई 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में गौरी तालाब क्षेत्र में निर्माणाधीन सीवेज लाइन को लेकर हुए विवाद के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बसपा नेता रक्षपाल सिंह कुशवाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने गालीगलौज, धमकाने और पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला कायम किया है।

पुलिस के अनुसार कल देर शाम रक्षपाल सिंह कुशवाह अपने कुछ साथियों के साथ गौरी तालाब के पास निर्माणाधीन सीवेज पाइप लाइन स्थल पर पहुंचे। यहां सड़क पर लंबे समय से खुदे गड्ढे को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने सीवेज पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाया तथा गौरी तालाब में सीवेज का गंदा पानी नहीं जाने देने की बात कही। काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। बाद में मामला कोतवाली थाने पहुंचा। सीवेज कार्य से जुड़े कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने पाइप तोड़ने, कार्य रुकवाने और धमकाने के आरोप में बसपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इससे पहले बीते माह बरेठा टोल प्लाजा पर हुए आंदोलन के दौरान भी रक्षपाल सिंह कुशवाह पर सीसीटीवी कैमरा तोड़ने का आरोप लगा था। नेशनल हाईवे निर्माण को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद महाराजपुर थाने में भी उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।

वहीं रक्षपाल सिंह कुशवाह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए एफआईआर को फर्जी करार दिया है। उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक द्वेष के चलते निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के एक जनप्रतिनिधि से लंबे समय से वैचारिक मतभेद चल रहे हैं और उसी के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित