अल्मोड़ा , अप्रैल 06 -- सीमेंट कंपनी का फर्जी मार्केटिंग मैनेजर बनकर ठेकेदार से 5.20 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर को उत्तराखंड में अल्मोड़ा पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है।
अल्मोड़ा पुलिस ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दन्या निवासी ठेकेदार दिलीप सिंह ने 09 अक्टूबर 2024 को शिकायत दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर स्वयं को "शर्मा जी" बताते हुए सिकन्दराबाद (बुलन्दशहर) स्थित एक सीमेंट कंपनी का मार्केटिंग मैनेजर बताया। आरोपी ने सीमेंट सप्लाई के नाम पर विश्वास में लेकर उनसे 5,20,000 रुपये की ठगी कर ली।
इस संबंध में थाना दन्या में धारा 316(2)/318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सर्वप्रथम तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी का पता लगाया।
जांच के दौरान पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची, जहां से आरोपी अंकित चौधरी को गिरफ्तार किया है। वह विलेच नाटा, 86 साउथ कैनाल रोड, कोलकाता, पश्चिम बंगाल निवासी है। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
निरीक्षक जानकी भंडारी की अगुवाई में जांच टीम की ओर से पीड़ित ठेकेदार को ठगी गई 5.20 लाख रुपये की धनराशि वापस दिलाई गई।
इस कार्रवाई में एएसआई पुष्कर सिंह, एएसआई फिरोज खान और हेड कांस्टेबल धीर सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पीड़ित ने पुलिस की तत्परता और कार्यवाही की सराहना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित