जौनपुर , सितम्बर 15 -- वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान स्थित विश्वेश्वरैया सभागार में मंगलवार को इंजीनियर्स डे धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य के लिए हमेशा अधिक संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती। उपलब्ध सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग कर भी श्रेष्ठ परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
प्रो सिंह ने विद्यार्थियों को रोजगार की बदलती परिस्थितियों और भविष्य की चुनौतियों के लिए निरंतर कौशल विकास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को अपनी स्किल्स लगातार विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह केवल कार्यालय में बैठकर कार्य करने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के प्रयासों से उनके चेहरे पर मुस्कान आती है तो इससे बड़ी खुशी उनके लिए कुछ नहीं हो सकती।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, डिबेट, इनोवेटिव आइडिया और रंगोली समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित