अमृतसर , मई 3 -- पंजाब को सुरक्षित और संरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद किए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समरबीर सिंह उर्फ सिमर (21) निवासी महिंद्रा कॉलोनी, अमृतसर; सतनाम सिंह उर्फ सत्ता (23) मूल निवासी गांव फतेहपुर, तरनतारन तथा वर्तमान निवासी कृष्णा नगर, अमृतसर; तनुप्रीत सिंह (26) निवासी प्रताप नगर, अमृतसर; और करणजोत सिंह उर्फ साजन (26) निवासी कृष्णा नगर, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), चार .30 बोर पिस्तौल (चीन निर्मित) और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे। अवैध हथियारों की खेप सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से पहुंचाई जाती थी और बाद में उनके सहयोगियों के जरिए आपराधिक तत्वों में बांट दी जाती थी। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने तथा अन्य शामिल साथियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
अभियान संबंधी जानकारी साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी समरबीर उर्फ सिमर को दो ग्लॉक पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आगे पूछताछ और अनुवर्ती कार्रवाई के दौरान उसके तीन साथियों-सतनाम उर्फ सत्ता, तनुप्रीत सिंह और करणजोत उर्फ साजन-को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर पांच और पिस्तौल बरामद किए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आरोपी सतनाम उर्फ सत्ता पहले भी वाणिज्यिक मात्रा में हेरोइन बरामदगी के मामले में शामिल है, जिसमें उसके कब्जे से 8 किलो हेरोइन बरामद हुई थी। उन्होंने कहा कि सतनाम सत्ता और करणजोत उर्फ साजन एक ही इलाके में रहते हैं और पाकिस्तान आधारित हैंडलर के निर्देश पर साथ काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि सभी गिरफ्तार आरोपी शिक्षित हैं और पहले एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में काम कर चुके हैं। सभी आरोपी नजदीकी इलाकों में रहते थे और एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।
इस संबंध में अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-ए, 6, 7, 8) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित