अमृतसर , अगस्त 28 -- पंजाब पुलिस ने नशा और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान सीमा पार तस्करी से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2.9 किलोग्राम हेरोइन, आठ पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव भिंडी औलख निवासी इंदरपाल सिंह और सिकंदरजीत सिंह, कक्कड़ निवासी हैप्पी सिंह उर्फ वीरपाल सिंह, गुरदासपुर के महल निवासी सुनील मसीह और राजन मसीह तथा अमृतसर के नूरपुर निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हुंडई वेन्यू कार और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस महानिदेशक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप हासिल कर उन्हें पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को सूचना मिली थी कि सुनील और राजन ने अवैध पिस्तौल की बड़ी खेप हासिल की है और इसे नूरपुर क्षेत्र में अपने साथी प्रदीप सिंह तक पहुंचाने वाले हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़कर सात पिस्तौल बरामद कीं।
एक अन्य अभियान में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर की टीम ने इंदरपाल, सिकंदरजीत और हैप्पी सिंह को 2.9 किलोग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया।
श्री मान ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए व्यापक जांच जारी है तथा आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में एसएसओसी अमृतसर थाने मेंदो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित