जैसलमेर , दिसम्बर 13 -- राजस्थान में जैसलमेर से लगती भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सात सीमा चौकियों पर शुक्रवार को पहली बार स्वास्थ्य जांच स्वचालित कियोस्क मशीन (हेल्थ एटीएम) शुरू की गयी।

बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जैसलमेर उत्तर और दक्षिण में हेल्थ एटीएम सुविधाओं का शुभारंभ राजस्थान फ्रंटियर के महानिरीक्षक एम एल गर्ग ने किया। इस हेल्थ एटीएम की सुविधा शुरू होने से बीएसएफ के जवानों और सीमावर्ती ग्रामीणों को 50 से अधिक टेस्ट की डिजिटल सुविधा मिल सकेगी और इसकी रिपोर्ट, व्हाट्स एप पर मिलेगी।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जैसलमेर उत्तर सेक्टर मुख्यालय पर सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक एम एल गर्ग ने हेल्थ एटीएम मशीन का विधिवत पूजा-अर्चना करके शुभारंभ किया। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान समेत मानव सेवा संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।

श्री गर्ग ने बताया कि हेल्थ एटीएम की शुरुआत से सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का नया अध्याय शुरू हो गया है। पहली बार सीमावर्ती ग्रामीणों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पास में उपलब्ध हुई हैं, जिससे स्वास्थ्य परिणामों में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

सूत्रों ने बताया कि दुर्गम मरुस्थलीय सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों और आसपास के ग्रामीण समुदायों को तेज, विश्वसनीय और तकनीक-आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। योजना के तहत सात बीएसएफ के रणनीतिक स्थानों पर आधुनिक हेल्थ एटीएम इकाइयां स्थापित की गयी हैं। ये मशीनें प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षणों को मिनटों में पूरा करती हैं और डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग की सुविधा भी प्रदान करती हैं। हेल्थ एटीएम की स्थापना से जवानों को किसी भी स्वास्थ्य जांच के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी होगी, जबकि सीमावर्ती गांवों के लोगों को भी पहली बार पास में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मिली है।

श्री गर्ग ने कहा कि मरुस्थल जैसी कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों के लिए निवारक स्वास्थ्य सेवाएं बहुत महत्वपूर्ण हैं। हेल्थ एटीएम इस दिशा में बड़ी बदलाव लाने वाला कदम साबित होगा। इससे प्रारंभिक जांच मजबूत होगी, जवानों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित