सूरजपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश पुलिस के बीच बैठक हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को हुई इस बैठक में दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की रणनीति तैयार की, जिसमें सूचनाओं के आदान-प्रदान, अवैध तस्करी पर रोक और अपराधियों की धरपकड़ पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि ,सरगुजा क्षेत्र के पुलिस मरानिरीक्ष (आईजी) दीपक कुमार झा और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा पहले में दिए गये निर्देशों के परिपालन में यह बैठक आयोजित की गई। निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए संयुक्त अभियान चलाए जाएं, किसी भी घटना के बाद सीमाओं पर सघन नाकाबंदी की जाए तथा आदतन अपराधियों की जानकारी आपस में साझा की जाए।
इसी क्रम में सूरजपुर जिले के थाना चांदनी और मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के थाना बैढ़न पुलिस के बीच यह बैठक थाना कोतवाली बैढ़न में संपन्न हुई। करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर त्वरित सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा, जिससे अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, अवैध सामग्री के परिवहन और पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए संयुक्त प्रयास करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही अपराधियों तक तेजी से पहुंचने के लिए बेहतर समन्वय और साझा कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित