चमोली , अगस्त 22 -- उत्तराखंड के सीमान्त जनपद चमोली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 63247 नोटिस वितरित किये जा चुके है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 63,347 नोटिसों के सापेक्ष अब तक 63,247 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शेष 100 नोटिसों का वितरण भी निर्धारित समयावधि में पूरा करने की कार्रवाई जारी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार बदरीनाथ में 21,818, थराली में 19,921 तथा कर्णप्रयाग में 21,508 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं। निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जनपद के 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 633 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक नामित किए गए हैं, जो दावे-आपत्तियों की सुनवाई, अभिलेखों के परीक्षण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।
श्री कुमार ने बताया कि बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई से 13 अगस्त तक जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 4,357 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें फार्म-6 के 2,831, फार्म-6ए का 1, फार्म-7 के 387 तथा फार्म-8 के 1,138 प्रपत्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार बदरीनाथ से 1,425, थराली से 1,797 तथा कर्णप्रयाग से 1,135 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 14 से 21 अगस्त तक जनपद में कुल 1,877 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें फार्म-6 के 1,267, फार्म-6ए के 0, फार्म-7 के 168 तथा फार्म-8 के 442 प्रपत्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार बदरीनाथ से 670, थराली से 645 तथा कर्णप्रयाग से 562 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। एसआइआर से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्रारूप-6, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए प्रारूप-8 में संबंधित विवरण उपलब्ध कराया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित