नयी दिल्ली , जून 12 -- सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से जुड़े मामलों में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए बोर्ड के अध्यक्ष और सचिव का हटा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरकार ने ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) विवादों के मद्देनजर सीबीएसई के अध्यक्ष राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को मंगलवार को हटा दिया । इसके साथ ही सीबीएसई द्वारा ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सेवाओं की खरीद से संबंधित प्रक्रिया की जांच के लिए एक जांच समिति का गठन भी किया गया है।
इस संबंध में कैबिनेट सचिवालय ने कार्यालय ज्ञापन जारी किया। जारी आदेश के अनुसार, समिति की अध्यक्षता क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान करेंगी। समिति को आवश्यकता पड़ने पर अन्य कार्यालयों के अधिकारियों की सहायता लेने का अधिकार भी दिया गया है। समिति को सचिवीय सहायता क्षमता निर्माण आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
ज्ञापन में कहा गया है कि समिति सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली के लिए सेवाओं की खरीद प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। समिति अपनी रिपोर्ट एक माह के भीतर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को सौंपेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित