नयी दिल्ली , फरवरी 14 -- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सोमवार को स्पष्ट किया कि 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में उपस्थित होना अनिवार्य है।

सीबीएसई की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यदि कोई छात्र किसी कारणवश प्रथम परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में शामिल नहीं होता है, तो उसे द्वितीय बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को "अनिवार्य पुनरावृति" श्रेणी में रखा जाएगा और वे अगले वर्ष मुख्य परीक्षा (फरवरी) में ही सम्मिलित हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रथम परीक्षा में उत्तीर्ण और पात्र छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से अधिकतम तीन मुख्य विषयों में अपने प्रदर्शन में सुधार के लिए द्वितीय परीक्षा में बैठ सकते हैं। जिन विद्यार्थियों का परिणाम प्रथम परीक्षा में 'कम्पार्टमेंट' आता है, उन्हें द्वितीय परीक्षा में कम्पार्टमेंट श्रेणी के अंतर्गत बैठने की अनुमति दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह अधिसूचना परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि सीबीएसई 2026 शैक्षणिक सत्र से कक्षा 10वीं के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित