नयी दिल्ली , अप्रैल 28 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 60.86 लाख रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में 12 साल बाद फरार आरोपी मनोज कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। ब्यूरो ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सीबीआई ने 2012 में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया था। यह शिकायत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शिलांग मुख्य शाखा के अज्ञात अधिकारियों, बीएसएनएल शिलांग के अधिकारियों और कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शिलांग में एसबीआई की एमजी रोड शाखा में बीएसएनएल के एक खाते से 60.86 लाख रुपये की राशि अवैध रूप से निकाल ली गई है।

सीबीआई ने प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद 2013 में आरोपी संजीव कुमार राय के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। आगे की जांच के बाद 2021 में फरार आरोपी मनोज सिन्हा और अन्य लोगों के खिलाफ सक्षम अदालत में एक पूरक आरोपपत्र दाखिल किया गया।

मनोज कुमार सिन्हा जांच में शामिल नहीं हुआ और उसे फरार घोषित कर दिया गया। अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया लेकिन उसका पता नहीं लगाया जा सका और न ही उसे पकड़ा जा सका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित