नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 133.52 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी मामले में एक निजी कंपनी के निदेशकों से जुड़े मुंबई (महाराष्ट्र) और कोच्चि (केरल) स्थित कई ठिकानों पर शुक्रवार को छापेमारी की।

मुंबई के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की सैम शाखा की शिकायत पर सीबीआई ने नौ जुलाई को यह मामला दर्ज किया था। यह मामला निजी कंपनी के निदेशकों, अज्ञात लोक सेवकों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ बैंक को लगभग 133.52 करोड़ रुपये का गलत तरीके से नुकसान पहुंचाने के आरोप में दर्ज किया गया है।

सीबीआई के मुताबिक, 'फर्नेस फैब्रिका (इंडिया) लिमिटेड' के आरोपी निदेशकों ए.आर. बशीरुद्दीन, बद्री प्रसाद, नेजी बशीरुद्दीन, रईज बशीरुद्दीन और सनम बशीर ने एक आपराधिक साजिश रची। इन लोगों ने झूठी वित्तीय जानकारी देकर एसबीआई से बड़ा लोन लिया।

जांच एजेंसी का आरोप है कि आरोपियों ने लोन की रकम को उन कामों के बजाय दूसरी जगहों पर स्थानांतरित किया और ठिकाने लगाया, जिसके लिए लोन मंजूर किया गया था। इस तरह बैंक को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया गया।

छापेमारी के दौरान सीबीआई ने इस धोखाधड़ी की जांच से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित