नयी दिल्ली , जून 11 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से वांछित अपराधी वेंकट गर्ग का जॉर्जिया से भारत में सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण किया गया है।
गर्ग एक जाना-माना अपराधी था और हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज कई मामलों में वांछित था। इन मामलों में हत्या, हत्या की कोशिश, जबरन वसूली, संगठित अपराध और अवैध हथियारों के इस्तेमाल जैसे आरोप शामिल थे।
सीबीआई ने गुरुवार को बताया कि गर्ग को मामलों की जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया था लेकिन अदालत से ज़मानत मिलने के बाद वह फरार हो गया। इसके बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए वह भारत से भाग गया। गुरुवार को कहा किहरियाणा पुलिस के अनुरोध पर, राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (एनसीबी)-नयी दिल्ली ने उसके खिलाफ़ इंटरपोल रेड नोटिस जारी करवाया। जॉर्जिया के अधिकारियों द्वारा उसका पता लगाने और उसे गिरफ़्तार करने के बाद भारत ने औपचारिक प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, जॉर्जिया के अधिकारियों ने प्रत्यर्पण को मंज़ूरी दी। हरियाणा पुलिस की एक टीम जॉर्जिया गई, जहां आरोपी को औपचारिक रूप से भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। यह टीम गर्ग के साथ 11 जून को दिल्ली पहुंची।
उल्लेखनीय है सीबीआई भारत में इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में काम करती है, इंटरपोल चैनलों के माध्यम अंतरराष्ट्रीय मदद के लिए देश में कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाती है।
अधिकारियों ने कहा कि हाल के वर्षों में भारतीय और विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के आपसी सहयोग से 160 से ज़्यादा वांछित अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित