नैनीताल , मई 13 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तराखंड के बहुचर्चित मैसर्स लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिप्ट को-आपरेटिव सोसायटी (एलयूसीसी) चिटफंड घोटाले में मुख्य साजिशकर्ता सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सुशील गोखरू, राजेंद्र सिंह बिष्ट, तरुण कुमार मौर्य, गौरव रोहिल्ला तथा ममता भंडारी शामिल हैं। इन सभी को देश के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है तथा पुलिस रिमांड में लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी।

वर्ष 2025 में उत्तराखंड उच्च न्यायालय की नैनीताल पीठ ने एक आदेश जारी कर एलयूसीसी चिटफंड घोटाले से संबंधित सभी प्राथमिकी की जांच सीबीआई को सौंप दिए थे। इसके आधार पर सीबीआई ने 26 नवंबर 2025 को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), उत्तराखंड जमाकर्ताओं के हित संरक्षण अधिनियम तथा अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एलयूसीसी के पदाधिकारियों और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

सीबीआई की ओर से कहा गया कि अभी तक की जांच में उत्तराखंड में आम जनता के साथ बड़े पैमाने पर ठगी का खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार लगभग एक लाख से अधिक निवेशकों को एलयूसीसी की विभिन्न अनियमित जमा योजनाओं में निवेश करने के लिए प्रलोभन दिया गया। इन निवेशकों द्वारा जमा की गई कुल राशि लगभग 800 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि कुछ आंशिक भुगतान किए गए लेकिन घोटाले की राशि 400 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच प्रतिदिन के आधार पर जारी है तथा आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम गठित की गई है। मामले का मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल है, जो अपनी पत्नी सानिया अग्रवाल के साथ विदेश फरार हो चुका है। सीबीआई ने दोनों के खिलाफ नोटिस और सर्कुलर जारी किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने ठगी से अर्जित रकम से कई अचल संपत्तियां खरीदी थीं। इन संपत्तियों का विवरण सक्षम प्राधिकारी, सचिव वित्त, उत्तराखंड सरकार को भेज दिया गया है, ताकि इन संपत्तियों को फ्रीज कर तय प्रावधानों के तहत पीड़ित निवेशकों को राहत दिलाने की कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित