भोपाल , अगस्त 12 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की पदोन्नति में सीपीसीटी परीक्षा की अनिवार्यता को बाधक नहीं बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए और सीपीसीटी परीक्षा के कारण किसी भी कर्मचारी को पदोन्नति से वंचित अथवा रिवर्ट नहीं किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की पदोन्नति में सीपीसीटी परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता के संबंध में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री निवास में संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तरह मध्यप्रदेश में भी एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक रूप से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ प्राकृतिक रूप से ही पनीर तैयार करने को बढ़ावा दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित