चंडीगढ़ , मई 29 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के उत्तर भारत क्षेत्र के जोन-2 सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को हरियाणा सरकार और यूटी चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सम्मेलन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गयी।

बैठक में तय किया गया कि सम्मेलन की प्रचार सामग्री सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तैयार करेगा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम कला एवं संस्कृति कार्य विभाग संभालेगा। मेहमानों के भोजन और जलपान की व्यवस्था आतिथ्य विभाग करेगा। यातायात और पार्किंग व्यवस्था चंडीगढ़ प्रशासन के जिम्मे रहेगी।

पीठासीन अधिकारियों और उनके परिजनों के भ्रमण कार्यक्रम हरियाणा एवं यूटी पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से संचालित करेंगे। मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था भी चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से की जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से हरियाणा को देश के प्रमुख पीठासीन अधिकारियों की मेजबानी का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन लोकतंत्र के मूल्यों को समर्पित रहेगा और व्यवस्थाएं कम संसाधनों में बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित