मोतिहारी , जुलाई 12 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में रविवार को सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे एक 72 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पताही निवासी बैजू रावत (72) को रविवार सुबह अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उमेश प्रसाद की देखरेख में उपचार शुरू किया गया। हालांकि उपचार के दौरान करीब 10 से 15 मिनट के भीतर उनकी मौत हो गई।मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि अस्पताल में समुचित उपचार एवं ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण वृद्ध की जान नहीं बचाई जा सकी। कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. शंकर बैठा ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि अस्पताल में चिकित्सक मौजूद थे तथा ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चार ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि किसी के बहकावे में आकर परिजन हंगामा कर रहे हैं। यदि अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ या उपद्रव की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पताही थाना प्रभारी बवन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित