भदोही , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के कोइरौना क्षेत्र में पतित पावनी मां गंगा (भागीरथी) के तट पर स्थित महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली एवं माता सीता के समाहित स्थल सीतामढ़ी में 15 से 23 जुलाई तक नौ दिवसीय ऐतिहासिक लवकुश एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सीतामढ़ी मंदिर के प्रबंधक कैलाश चंद्र ने शुक्रवार को बताया कि लव-कुश जन्मोत्सव के रूप में आयोजित होने वाले इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु, संत-महात्मा और पर्यटक पहुंचते हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में अखंड रामायण पाठ, प्रवचन, रामायणकालीन झांकियां, रामलीला मंचन तथा विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंदिर प्रबंधन और मेला समिति परिसर की साफ-सफाई, मंदिर की रंगाई-पुताई, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के ठहरने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों में जुटी हुई है।
मेले में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी शैलेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लवकुश मेला जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर को मेला अधिकारी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर को सहायक मेला अधिकारी नामित किया। साथ ही पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को मेला परिसर और घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, जनरेटर की व्यवस्था करने, गंगा में बांस की बैरिकेडिंग कराने, नाव और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती करने तथा नाविकों और गोताखोरों की सूची संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित