पटना , फरवरी 23 -- बिहार के सीतामढ़ी जिले में अब एकल उपयोग वाले (सिंगल यूज) प्लास्टिक अपशिष्ट से बेंच, डेस्क और रैक जैसी उपयोगी सामानों का निर्माण किया जाएगा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति, सीतामढ़ी तथा राय इंडस्ट्रीज, बक्सर के बीच एक एम.ओ.यू. साइन हुआ है।

इस अवसर पर सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिचि पांडेय, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, डी.आर.डी.ए. के निदेशन राजेश भूषण, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम के निदेशक शशिकांत शर्मा सहित बाजपट्टी, रुन्नीसैदपुर, डुमरा तथा रीगा प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आई.आई.टी. चेन्नई से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक राय इंडस्ट्रीज के संचालक संजीत राय ने रिसाइकिल्ड प्लास्टिक से विभिन्न तरह के उपयोगी सामान बनाने वाली फैक्ट्री की शुरुआत की। इसी दौरान जिला जल एवं स्वच्छता समिति, सीतमढी द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक अपशिष्ट की समस्या से निपटने के लिए समाधान के लिए संपर्क किया गया। इन्होंने प्रायोगिक तौर पर इससे स्लैब बनाकर जिला जल एवं स्वच्छता समिति को दिखलाया। इस स्लैब से इन्होंने बेंच, डेस्क, आलमीड़ा और रैक जैसे सामान बनाकर प्रदर्शित किया।

राय इंडस्ट्रीज के संचालक संजीत राय ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक अपशिष्ट से बना हुआ स्लैब लकड़ी के अधिकांश उपयोग का विकल्प हो सकता है। यह 1 इंच मोटी लकड़ी की तुलना में 15 गुणा अधिक मजबूत होता है। साथ ही यह स्लैब कटिंग, ड्रिलिंग, नेलिंग आदि के लिए पूरी तरह अनुकूल है।

जिला समन्वयक लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, सीतामढी शंकर शंभू ने बताया कि जिला जल एवं स्वच्छता समिति, सीतामढ़ी द्वारा इस कंपनी के साथ एक एम.ओ.यू. साइन किया है। समझौते के अनुसार सीतामढ़ी के चार प्रखंडों- बाजपट्टी, रुन्नीसैदपुर, डुमरा तथा रीगा में संचालित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्रों पर जमा होने वाले सिंगल यूज प्लास्टिक राय इंडस्ट्रीज खरीदेगा। इससे राय इंडस्ट्रीज द्वारा बेंच, डेस्क व रैक जैसी विभिन्न प्रकार की उपयोगी सामग्रियों का निर्माण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित