पटना, मई 14 -- ाष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2026 के तहत बिहार के सीतामढ़ी जिला स्थित बथनाहा प्रखंड की महुआवा पंचायत का चयन क्लाइमेट एक्शन स्पेशल पंचायत अवार्ड (सीएएसपीए) के लिए हुआ है।

बिहार की इस पंचायत को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए पंचायत के मुखिया संजीव भूषण को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। मुखिया संजीव ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंचायत में एक ही दिन में लगभग नौ हजार पौधे लगाकर यह कीर्तिमान स्थापित किया है।

वर्तमान में इन पौधों के कारण पंचायत क्षेत्र हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। इन पौधों के संरक्षण के लिए कंटीले तारों से घेराबंदी भी कराई गई है। इसके अतिरिक्त पंचायत में लड़कियों के जन्म पर घर के बाहर एक फलदार पौधा लगाने की अनिवार्य पहल शुरू की गई है। इसके तहत अब तक लगभग 250 पौधे लगाए जा चुके हैं। वर्तमान में पंचायत क्षेत्र में एक लाख से अधिक फलदार और औषधीय पेड़ हैं।

वर्ष 2021 से पंचायत का नेतृत्व कर रहे मुखिया संजीव ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से पंचायत में समग्र एवं सतत विकास को नई दिशा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित