सीतापुर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गुरुपलिया में शनिवार दिन में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से निकली चिंगारी से लगभग 50 बीघा गेहूं की तैयार खड़ी फसल जलकर राख हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तेज हवा के झोंके के दौरान हाईटेंशन विद्युत तार अचानक टूट गया, जिससे खेतों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 25 किसानों की फसल इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी और स्वयं भी ट्रैक्टरों से खेतों के चारों ओर फायर लाइन जोतकर आग फैलने से रोकने का प्रयास किया। बाद में पुलिस, अग्निशमन दल और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाया गया।

प्रशासन के अनुसार राजस्व टीम नुकसान का आकलन कर रही है। सर्वे रिपोर्ट के बाद प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर और ढीले हाईटेंशन तारों के कारण यह हादसा हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित