सीतापुर , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थाना सधना अंतर्गत एक व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने मंगलवार को एक महिला एवं उसके भाई को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया की 26 जुलाई को ग्राम पट्टी नवादा में एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिला था। ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा सर्विलांस ,सुराग राशि एवं स्थानीय साक्ष के संकलन से मृतक की पहचान भुपाई यादव (42) निवासी ग्राम बहू नगर थाना खैराबाद के रूप में हुई थी। गहन जांच पड़ताल के बाद घटना में अभियुक्त शशि देवी निवासी ग्राम दरौली एवं उसके भाई रिंकू निवासी ग्राम भरौना थाना सधना को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना स्थल से 200 मीटर दूर एक खेत में गड्ढा खोदकर छुपाया गया भुपाई यादव का कटा हुआ सिर बरामद किया गया जबकि घटना में प्रयुक्त लोहे का बांका और मृतक के कपड़े झाड़ियाें से बरामद किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित