एसीतापुर , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में टाउन हॉल परिसर स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय भवन को सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार टाउन हॉल परिसर में स्थित सपा कार्यालय दो दिन पहले ही खाली करा लिया गया था। सोमवार सुबह भारी पुलिस बल तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भवन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई, जिसे शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कर लिया गया।
बताया जाता है कि टाउन हॉल परिसर में स्थित इस भवन को लेकर लंबे समय से प्रशासनिक एवं कानूनी प्रक्रिया चल रही थी। संबंधित भूमि नगर पालिका परिषद के अधिकार क्षेत्र में निहित होने के बाद भवन खाली कराने की कार्रवाई की गई थी। ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की स्थिति नहीं बनी और समाजवादी पार्टी का कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी वहां नहीं पहुंचा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूरी कार्रवाई नियमानुसार एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित