सीतापुर , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में थाना रेउसा क्षेत्र के रेउसा-तंबौर मार्ग पर रविवार देर रात सिकरिया मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो रिक्शा सवार मासूम की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि धीरेंद्र अपने परिवार के साथ लहरपुर में एक मांगलिक कार्यक्रम से लौटकर नारायणपुर कोदरी जा रहे थे। इसी दौरान बामनवा सिकरिया मोड़ पर अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में एक वर्षीय चांदनी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।

घायलों में गंभीर रूप से घायल शकुंतला और संगीता को जिला चिकित्सालय सीतापुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों वीरेंद्र (35), लवकुश (8), मनीष (6), सरोजिनी (30) और नंदिनी (12) का उपचार रेउसा के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित